बिसौली। नगर स्थित डी पॉल स्कूल में गुरुवार को शैक्षिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, कठिन परिश्रम और अनुशासन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रोफिशिएंसी अवार्ड वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि जगाना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा। मंच से पुरस्कार प्राप्त करते समय मेधावी छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था, वहीं समारोह में मौजूद अन्य विद्यार्थियों को भी इससे आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक फादर डॉ. मार्टिन बीसी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संदेश में कहा कि पुरस्कार किसी भी सफलता का अंत नहीं, बल्कि नई उपलब्धियों की शुरुआत होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वास्तविक सफलता केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निरंतर परिश्रम, अनुशासन, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प का परिणाम होती है।
वहीं, प्रधानाचार्या सिस्टर लिंसी थॉमस ने सभी विजेता विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है, जिसे सही मार्गदर्शन और मेहनत से निखारा जा सकता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।
Budaun Amarprabhat