खंडवा में देवउठान मेले और रामलीला का शुभारंभ, थानाध्यक्ष ने किया उद्घाटन जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा मेला परिसर, दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु
उघैती (बदायूं)। थाना उघैती क्षेत्र के ग्राम खंडवा में बुधवार रात देवउठान मेले और रामलीला का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया।
उद्घाटन के अवसर पर मेला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने कहा कि देवउठान मेला और रामलीला हमारी प्राचीन संस्कृति एवं परंपराओं के प्रतीक हैं। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, सत्य, त्याग और कर्तव्यपरायणता की सीख मिलती है।
उन्होंने मेला कमेटी को सफल आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए श्रद्धालुओं से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस सतर्क है।
उद्घाटन के बाद रामलीला का मंचन शुरू हुआ। मेले में झूले, विभिन्न दुकानें और खानपान के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कार्यक्रम में मेला कमेटी के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
— हिमालय शर्मा, अमर प्रभात
Budaun Amarprabhat