बच्चे को बचाने के प्रयास में पिकअप और ट्रैक्टर की हुई भिड़ंत, परिवार में मचा कोहराम
उघैती, बदायूं। थाना उघैती क्षेत्र के गांव ईखखेड़ा में शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शंकर लाल दीक्षित के घर शुक्रवार रात जागरण का आयोजन था। इसमें शामिल होने के लिए संभल जिले के गांव सिहोरी निवासी कार्तिक (5) अपनी मां अंशु दीक्षित के साथ ननिहाल आया था।
बताया जाता है कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे कार्तिक सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान उसे बचाने के प्रयास में पिकअप और सामने से आ रहे ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। हादसे में मासूम पिकअप की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि बच्चे को बचाने के प्रयास के दौरान दोनों वाहनों की भिड़ंत हुई। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Budaun Amarprabhat