बगरैन। क्षेत्र के ग्राम पेपल में समाज कल्याण आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला महोत्सव के दौरान धार्मिक आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। महोत्सव में माता सीता के स्वयंवर और भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग करने की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। जैसे ही भगवान श्रीराम ने शिव धनुष उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाई और धनुष टूटने की टंकार गूंजी, समूचा रामलीला परिसर ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
धनुष भंग के उपरांत गांव में भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया। बारात में शामिल देवी-देवताओं की सजीव एवं आकर्षक झांकियों, रंग-बिरंगी रोशनी और बैंड-बाजों की धार्मिक धुनों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरती बारात का ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया और श्रीराम, माता सीता व लक्ष्मण के स्वरूपों की आरती उतारकर आशीर्वाद लिया। बारात देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ उमड़ी।
आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। बगरैन चौकी प्रभारी संदीप गुप्ता पुलिस बल के साथ बारात के मार्ग पर तैनात रहे, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर पं. श्री रामनरेश शर्मा, कमेटी अध्यक्ष दुष्यंत सिंह रघुवंशी, प्रबंधक रजत चौहान, राजेश शर्मा, विनीत शर्मा, विनय चौहान, मुकेश भदौरिया, योगेश सिंह, निर्दोष श्रीमाली, जगन्नाथ शर्मा, बाबू शर्मा, देवेंद्र फूल माली, चिराग शर्मा और रवि लाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat