आतंकवाद निरोधी अभ्यास की रिहर्सल के दौरान हुआ हादसा, दो महीने पहले आए थे घर; ककोड़ा मेला आने की थी तैयारी
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव आमगांव निवासी भारतीय सेना के जवान अंकुश पटेल की हरियाणा के हिसार कैंट में टैंक पलटने से मौत हो गई। शनिवार को आतंकवाद निरोधी अभ्यास की रिहर्सल के दौरान हुए हादसे में वह टैंक के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। साथी जवानों ने उन्हें तत्काल सैन्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सेना के अधिकारियों से जवान की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना से गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार, अंकुश पटेल वर्ष 2010 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। करीब एक वर्ष पहले उनकी तैनाती हरियाणा के हिसार कैंट में हुई थी। शनिवार को वह अन्य जवानों के साथ टैंक से अभ्यास के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रिहर्सल के समय टैंक पलट गया और वह उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अंकुश करीब दो महीने पहले ही छुट्टी पर घर आए थे। परिजनों ने बताया कि उन्होंने तीन दिन बाद मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आने की तैयारी की थी। परिवार और गांव के लोग उनके आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उनके निधन की खबर पहुंच गई। उनकी पत्नी पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है। अंकुश दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे।
दोस्त से वीडियो कॉल पर हुई थी आखिरी बातचीत
गांव के करीबी दोस्त राहुल पटेल के मुताबिक, हादसे से करीब तीन घंटे पहले ही उनकी अंकुश से वीडियो कॉल पर बात हुई थी। बातचीत में गांव के हालचाल और ककोड़ा मेला में आने को लेकर चर्चा हुई थी। अंकुश ने छुट्टी लेकर घर आने की बात कही थी। वह हर दूसरे-तीसरे दिन दोस्तों और गांव के लोगों से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कर उनका हालचाल लेते रहते थे। कुछ समय बाद उनके निधन की सूचना मिली तो दोस्त भी स्तब्ध रह गए।
सेना और पुलिस से रहा है परिवार का जुड़ाव
ग्रामीणों के अनुसार, अंकुश के पिता आदेश कुमार सेना से सेवानिवृत्त हैं। परिवार के संतोष पटेल पुलिस विभाग में सेवानिवृत्त दरोगा हैं, जबकि उनके चाचा धर्मेंद्र उर्फ बबलू भी सेना से सेवानिवृत्त हैं। अंकुश मिलनसार और मृदुभाषी स्वभाव के थे। उनके निधन की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जवान की मौत की खबर पूरे दिन आमगांव सहित कुर्मी समाज के आसपास के गांवों में चर्चा का विषय बनी रही। लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचते रहे। परिजनों के अनुसार, पार्थिव शरीर को सेना के वाहन से बरेली के रास्ते पैतृक गांव लाने की तैयारी थी। जवान के असामयिक निधन से क्षेत्र में गहरा दुख व्याप्त है।
Budaun Amarprabhat