बदायूं। रुहेलखंड के मिनी कुंभ ककोड़ा मेले में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान एवं यातायात माह के अंतर्गत रविवार को यातायात जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित सफर के टिप्स दिए गए।
अभियान के दौरान पदाधिकारियों ने लोगों से वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, ड्राइविंग के वक्त मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना और आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है।
शिविर के जरिए ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा – सुरक्षित जिंदगी, हमारा संकल्प’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।यह जागरूकता अभियान आरटीएम सोसाइटी फॉर सोशल डेवलपमेंट के तत्वावधान में आयोजित किया गया। संस्था की डायरेक्टर रिदा खान के नेतृत्व में टीम के सदस्य मुशीर अली, अजहर उद्दीन, जुगनू, गुड्डा पहलवान और अंश पटेल ने अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। संस्था की टीम ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा में भी सहयोग करें।
Budaun Amarprabhat