संवाददाता — गोविंद देवल, बदायूँ
थाना उझानी क्षेत्र के मोहल्ला नझियाई (चटैया) में लापता 8 वर्षीय बच्चे सुभान की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। छह दिन से लापता बच्चे का शव शनिवार सुबह मोहल्ले के ही एक खाली प्लॉट में मिलने से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पसर गया।
घटना 16 नवंबर की शाम 5 बजे की है, जब सुभान अचानक लापता हो गया था। परिजनों की तहरीर पर थाना उझानी पुलिस ने मु.अ.सं. 487/2025 धारा 137(2) BNS में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ ने मौके का मुआयना कर तीन टीमों का गठन कर खोजबीन तेज करने के निर्देश दिए थे।
शनिवार सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली कि लापता बच्चे का शव मोहल्ले के ही एक खाली प्लाट में पड़ा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लिया। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने घटना का सफल अनावरण करते हुए पड़ोस के ही अरवाज पुत्र जाकिर (18 वर्ष) तथा उसके पिता जाकिर पुत्र किफायत (50 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 103/238 BNS की वृद्धि की गई।
—
पूछताछ में उभरी दिल दहला देने वाली सच्चाई
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते 16 नवंबर को सुभान को ‘सोनपापड़ी’ देने के बहाने अपने घर बुलाया। वहां ले जाकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद शव को छिपाने के लिए अपने घर के अंदर ही एक गड्ढा खोदकर दफना दिया।
जैसे-जैसे पुलिस की खोजबीन बढ़ती गई, आरोपियों को डर सताने लगा। इसी भय से 22 नवंबर की रात करीब 1 बजे आरोपी बाप-बेटे ने घर में दबा शव निकालकर मोहल्ले के एक खाली प्लॉट में फेंक दिया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बच्चों से जुड़ी इस निर्मम घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat