बदायूं। वृंदावन कॉलोनी स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी का भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। मार्च पास्ट के दौरान भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्काउट गाइड को सलामी दी और उनके कार्यों की सराहना की।
जंबूरी में जिले के स्काउट गाइड ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया और श्रीलंका, नेपाल, मालदीप, साउदी अरब सहित विभिन्न देशों के स्काउट गाइड से मुलाकात कर उनकी सभ्यता और संस्कृति को जाना। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि स्काउट गाइड ने एडवेंचर गतिविधियों जैसे राइफल शूटिंग, रिंग थ्रू, प्लैंक ब्रिज, बास्केटबॉल, स्विमिंग बोर्ड, कमांडो ब्रिज, स्काई साइकिलिंग, रैपलिंग, जिपलाइन, बंबू वाल में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि विकसित भारत युवाओं द्वारा ही आकार ले रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को राष्ट्र की शक्ति बताया और अनुशासन को जीवन की पहली आधारशिला करार दिया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भारत स्काउट और गाइड के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, राष्ट्रीय मुख्यायुक्त डॉ. के. के. खंडेलवाल, प्रादेशिक अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह एवं प्रादेशिक मुख्यायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने भी जिले के स्काउट गाइड के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
डीटीसी सत्यपाल गुप्ता के नेतृत्व में स्काउट ने प्रदर्शनी, फूड प्लाजा, स्किल ओ रामा, गेट, टावर और गैजेट्स में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया और सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया। शिविर का निरीक्षण सब कैंप चीफ अकबर अली, उत्तराखंड के डिप्टी सब कैंप चीफ कमलेश कुमार सती, नेशनल सिक्योरिटी इंचार्ज मुहम्मद असरार और सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर नेहा कटियार ने किया।
इस अवसर पर यूनिट लीडर कुंवरसेन, कैलाश चंद्र, चंद्र मोहन, आशुतोष शर्मा, श्रेष्ठ जीत, उमेश चंद्र सहित कई स्काउट गाइड मौजूद रहे।
–
Budaun Amarprabhat