बिल्सी (संवाददाता: गोविंद देवल)
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव वैन में शुक्रवार को सपा के वरिष्ठ नेता सर्वेश यादव ने अपने आवास पर एक शिविर का आयोजन कर गांववासियों को मतदाता पहचान प्रक्रिया (एसआईआर) के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों के गणना प्रपत्रों की स्वयं जांच की और कई लोगों के प्रपत्र मौके पर ही भरवाए। सर्वेश यादव ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा भेजे गए गणना प्रपत्र मतदाता पहचान सूची के अद्यतन में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जिन परिवारों के घर प्रपत्र पहुंच चुके हैं, वे उन्हें शीघ्रता से भरकर अपने-अपने BLO के पास जमा कर दें, ताकि उनका नाम मतदाता पात्रता सूची में निश्चित रूप से शामिल हो सके।
सर्वेश यादव ने बताया कि पार्टी के मुखिया ने सभी पदाधिकारियों को इस अभियान को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गणना प्रपत्र समय पर जमा नहीं किए गए, तो कई बार मतदाता सूची से नाम छूट जाते हैं, जिससे मतदान के समय उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अंत में उन्होंने सभी गांववासियों से अपील की कि वे अपने परिवार के सभी सदस्यों का विवरण सही-सही भरकर समय पर जमा कर इस अभियान को सफल बनाएं।
Budaun Amarprabhat