शाहजहांपुर। संवाददाता: काजल मिश्रा
काकोरी कांड के महानायकों के बलिदान दिवस के अवसर पर जनराज्य फ्रंट इंडिया शाहजहांपुर महानगर टीम द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत टाउन हॉल स्थित वीर अमर बलिदानियों की प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संगठन के समस्त पदाधिकारियों ने क्रांतिधरा शाहजहांपुर के वीर सपूतों एवं काकोरी कांड के महानायक पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, शहीद अशफाक उल्ला खान और ठाकुर रोशन सिंह के महान बलिदान को नमन करते हुए माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनराज्य फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं शाहजहांपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी अजय मीरा पाण्डेय अंशु ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमें ऐसी पावन भूमि पर जन्म मिला, जिसने राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान और ठाकुर रोशन सिंह जैसे महान क्रांतिकारी दिए। इन वीरों ने अल्प आयु में ही राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनका त्याग और बलिदान संपूर्ण विश्व में अविस्मरणीय है और यह सदैव युवाओं को प्रेरणा देता रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष अंजुल मिश्रा ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अमर बलिदानियों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। वहीं जिला अध्यक्ष एडवोकेट धीरेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि आज के युवाओं को अपनी आने वाली पीढ़ियों को यह बताना होगा कि किस प्रकार अदम्य साहस और त्याग से यह देश आज़ाद हुआ है। महानगर महासचिव दीपांशु वर्मा ने शहीदों की स्मृति में निरंतर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय मीरा पाण्डेय अंशु, प्रदेश अध्यक्ष अंजुल मिश्रा, जिला अध्यक्ष एडवोकेट धीरेंद्र कुमार मिश्रा, महानगर महासचिव दीपांशु वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष मोहम्मद अकरम, महानगर सचिव रेहान खान, जिला सचिव जमन अहमद, जिला महासचिव जरार खान, महानगर सचिव प्रदीप मिश्रा सहित महानगर व जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat