संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूँ। खालसा पंथ के संस्थापक, सर्वस्व दान करने वाले सिख संप्रदाय के दसवें पातशाह श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाशोत्सव की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह प्रकाश पर्व पूरे श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। 23 दिसंबर से 28 दिसंबर तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किए जाएंगे।
गुरुद्वारा समिति के सचिव गुरुदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 दिसंबर से नगर के मध्य प्रतिदिन प्रातः पाँच बजे नियमित प्रभात फेरी निकाली जा रही है, जिसका विश्राम 23 दिसंबर मंगलवार को होगा। 24 दिसंबर बुधवार को प्रातः 10 बजे निशान साहब को नया चोला पहनाया जाएगा तथा दोपहर 12 बजे से नगर में भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा।
25 दिसंबर को सायं 7:30 बजे गुरुद्वारा साहिब में गुरु परंपरा पर आधारित धार्मिक फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसके उपरांत अटूट लंगर का आयोजन होगा। 26 दिसंबर की संध्या महावलीदानी साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह को समर्पित रहेगी, जिसमें विशेष कीर्तन के पश्चात गुरु का भंडारा आयोजित किया जाएगा।
27 दिसंबर को प्रातः 7:30 बजे से 10 बजे तक गुरु कथा का अखंड पाठ होगा, वहीं सायं 6:30 बजे से 11:30 बजे तक शबद कीर्तन दरबार सजाया जाएगा। इसके बाद विशाल लंगर का आयोजन किया जाएगा।
28 दिसंबर को नगर के विरुआवारी मंदिर के निकट वैभव लॉन में प्रातः 10 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक विशेष कथा का आयोजन होगा। इसमें अमृतसर के प्रसिद्ध कथावाचक भाई तेजपाल सिंह, बीबी कौला जी तथा बरेली के सिख मिशनरी कॉलेज के प्रोफेसर भाई हरप्रीत सिंह श्रद्धालुओं को अमृतमयी कथा का रसपान कराएंगे। कथा विश्राम के बाद गुरु इच्छा तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
प्रकाशोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है और नगर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है।