संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूँ। गिंदो देवी महिला महाविद्यालय में नेशनल सर्विस स्कीम (एनएसएस) के अंतर्गत भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सरला चक्रवर्ती के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्राओं के लिए काव्य पाठ एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्राचार्या प्रो. सरला चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा। उनके विचार आज भी युवाओं को ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
एनएसएस कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित काव्य पाठ प्रतियोगिता में छात्राओं ने अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं एवं उनके व्यक्तित्व पर आधारित रचनाएँ प्रस्तुत कीं। वहीं भाषण प्रतियोगिता में सुशासन, लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता एवं अटल जी के योगदान जैसे विषयों पर छात्राओं ने प्रभावशाली विचार रखे।
भाषण प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की स्नेहा ने प्रथम, प्रतीक्षा ने द्वितीय तथा बीए तृतीय सेमेस्टर की रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल द्वारा सभी प्रतिभागी छात्राओं के प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की सभी शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। अंत में प्रेरणादायक संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
Budaun Amarprabhat