
संवादाता: गोविंद देवल
बदायूँ/बरेली: पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र, अजय कुमार साहनी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ, डॉ. बृजेश कुमार सिंह के साथ पुलिस लाइन सभागार कक्ष में जनपद की कानून एवं शांति व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण को लेकर समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की।
गोष्ठी में अपराध की रोकथाम, अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही, घटनाओं के शीघ्र अनावरण और जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष रूप से महिला अपराधों, अवैध शस्त्र एवं मादक पदार्थ तस्करी, लूट और चोरी जैसी घटनाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया।
एसपी साहनी ने सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण हेतु सख्त निर्देश दिए। उन्होंने लम्बित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों की समयबद्ध जांच व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, गैंगस्टर एक्ट के अभियोगों में अपराधियों की अवैध सम्पत्ति की जब्ती, हिस्ट्रीशीटर, ईनामिया और टॉप-10 अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई पर जोर दिया।
साथ ही उन्होंने गोकशी, अवैध शस्त्र, मादक पदार्थ, शराब, जुआ/सट्टा की रोकथाम हेतु अभियान चलाने के निर्देश दिए। सड़क सुरक्षा के लिए जीरो फैटिलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी बल दिया गया।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के तहत महिला हेल्पडेस्क, एंटी रोमियों टीम और शक्ति दीदी, महिला बीट आरक्षियों द्वारा गांवों, मोहल्लों और स्कूल-कॉलेजों में जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा साइबर अपराधों की रोकथाम और जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, समस्त क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में तेजी लाने का संकल्प लिया।
Budaun Amarprabhat