बदायूं — संवाददाता
बदायूं। रामप्रकाश सोहन देवी इंटर कालेज, खिरिया बाकरपुर में भारत स्काउट और गाइड संस्था के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट–गाइड शिविर के दूसरे दिन युवाओं को प्राथमिक उपचार, गांठ-बंधन, तंबू निर्माण, गैजेट्स, मॉक ड्रिल और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा युवाओं में अनुशासन, सेवा, साहस और राष्ट्रभक्ति का जज्बा भी पैदा किया गया। शिविर का वातावरण भारत माता के जयकारों से गुंजायमान रहा।
प्रशिक्षण के दौरान युद्धकालीन परिस्थितियों, प्राकृतिक आपदाओं और आकस्मिक घटनाओं में स्वयं और जनसामान्य की सुरक्षा के लिए प्रभावी तकनीकों की जानकारी दी गई। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजีव कुमार शर्मा ने कहा कि बाढ़, भूकंप, तूफानों और विपरीत परिस्थितियों में स्काउटिंग तैयार रहना सिखाती है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि संकट की घड़ी में धैर्य, साहस और विवेक से काम लें और अफवाहों से हमेशा बचें।
शिविर में प्रबंधक अजनेश यादव ने स्काउट ध्वज फहराया और कहा कि स्काउटिंग युवाओं को श्रेष्ठ नागरिक बनने के लिए तैयार करती है। कम संसाधनों और कठिन परिस्थितियों में जीवन जीने की कला भी सीखाती है। प्रधानाचार्य मनीषा ने कहा कि श्रेष्ठ चिंतन और पवित्र आचरण से अद्भुत शक्ति आती है, जो महान लक्ष्य तक पहुंचाती है।
शिविर में आग में फंसे लोगों को निकालने, डूबते व्यक्तियों को बचाने, भोजन तैयारी, प्राथमिक उपचार के अलावा रीफ नॉट, शीट बेंड, फिशरमैन नॉट, चेयर नॉट जैसी महत्वपूर्ण गांठों की ट्रेनिंग भी दी गई। वरिष्ठ शिक्षक राहुल यादव, शिक्षिकाएं ममता और मीना के नेतृत्व में स्काउट–गाइड ने युद्धकालीन आपदा प्रबंधन से संबंधित मॉक ड्रिल का अभ्यास किया।
इस अवसर पर गंगा सिंह, बबलेश यादव, कल्लू सिंह, बारिश सलमानी, राहुल कुमार, नेहा, रूबी, मोनी, सरियल, सरिता, गुंजन, पिंकी, खुशी सहित अन्य छात्र–छात्राएं उपस्थित रहीं।
Budaun Amarprabhat