
बिसौली।
आसफपुर स्थित पंचवटी होटल में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तत्वाधान में एक पत्रकार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में संगठन के संस्थापक स्वर्गीय बालेश्वर जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा स्वर्गीय बालेश्वर जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ पत्रकार हरीश गुप्ता के नेतृत्व में जिला एवं तहसील कार्यकारिणी का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव में संजीव सक्सेना को सर्वसम्मति से पुनः जिला अध्यक्ष चुना गया। वहीं मुकेश वशिष्ठ को जिला महामंत्री तथा आई.एम. खान को जिला मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
तहसील स्तर पर बदायूं से आकाश सक्सेना, बिसौली से सुधाकर शर्मा, बिल्सी से रविंद्र कुमार, दातागंज से शाहिद एवं सहसवान से महेंद्र सक्सेना को तहसील अध्यक्ष चुना गया।
नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष संजीव सक्सेना ने कहा कि संगठन में केवल साफ-सुथरी छवि के पत्रकारों को ही स्थान दिया जाएगा। जिनके दामन पर किसी भी प्रकार का दाग होगा, ऐसे पत्रकार इस संगठन के सदस्य नहीं बन सकेंगे। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत व सक्रिय बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के अंत में तहसील अध्यक्ष सुधाकर शर्मा ने सभी आगंतुकों एवं पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एडवोकेट विजयभान सिंह, पवन मिश्रा, संजीव मिश्रा, राजेश कुमार, मुनेंद्र शर्मा, सीपी शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat