संवाददाता : गोविंद देवल
बिल्सी।
आज बाबा इंटरनेशनल स्कूल, बिल्सी में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य पीरियॉडिक टेस्ट-3 एवं प्री-बोर्ड परीक्षा-1 के परीक्षा परिणामों से अभिभावकों को अवगत कराना तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर विस्तार से चर्चा करना रहा।
बैठक के दौरान विषय अध्यापकों ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन, उत्तर-पुस्तिकाओं की गुणवत्ता, समय प्रबंधन, उपस्थिति, अनुशासन एवं कक्षा में सहभागिता पर विस्तार से जानकारी दी। अभिभावकों को यह भी बताया गया कि उनके बच्चे किन विषयों में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और किन विषयों में उन्हें अतिरिक्त अभ्यास एवं मार्गदर्शन की आवश्यकता है। कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष सुधारात्मक कक्षाओं एवं अतिरिक्त अभ्यास कार्य की जानकारी भी साझा की गई।
शिक्षकों ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए नियमित अध्ययन, निरंतर पुनरावृत्ति, समयबद्ध अभ्यास एवं अनुशासित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। विद्यालय प्रशासन की ओर से अभिभावकों से अपील की गई कि वे घर पर बच्चों को पढ़ाई के लिए सकारात्मक एवं अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराएं तथा मोबाइल फोन व अन्य डिजिटल माध्यमों के अत्यधिक उपयोग पर नियंत्रण रखें।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं विद्यालय निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य एक ऐसा सहयोगात्मक और समावेशी शैक्षिक वातावरण तैयार करना है, जिससे छात्र सफलता की ओर अग्रसर हो सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों की शैक्षिक यात्रा में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और विद्यालय प्रबंधन बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षण वातावरण प्रदान करने के लिए हर समय प्रयासरत है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने अपने संबोधन में कहा कि जब शिक्षक और अभिभावक मिलकर सहयोगात्मक रूप से कार्य करते हैं, तो बच्चों की शिक्षा और अनुशासन दोनों मजबूत होते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की संगोष्ठियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों ने भी अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए तथा विद्यालय के शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसी बैठकों को बच्चों की प्रगति के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
Budaun Amarprabhat