Breaking News

सरस्वती शिशु मंदिर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान का शुभारंभ, यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश

Spread the love

संवाददाता : गोविंद देवल
बरेली।
स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग बरेली में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आरटीओ अजय कुमार गुप्ता, भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष अधीश सक्सेना, अजय चौहान एवं दिनेश मलिक द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया।
इस अवसर पर एआरटीओ अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि देश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाएँ एक गंभीर सामाजिक समस्या बनती जा रही हैं। प्रतिवर्ष हजारों लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवाते हैं तथा लाखों नागरिक घायल होते हैं। इसी चुनौती को देखते हुए सरकार द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीश सक्सेना ने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात नियमों का पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान में परिवहन विभाग, पुलिस प्रशासन, शैक्षणिक संस्थान एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि विद्यालयों व महाविद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम, रैलियाँ, पोस्टर प्रदर्शनी, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाया जा रहा है। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण शिविरों का भी आयोजन किया जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सामूहिक सामाजिक दायित्व का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वयं यातायात नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। यदि समाज के सभी वर्ग मिलकर इस अभियान को सफल बनाएं, तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक दिनेश मलिक ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन रामकिशोर श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर जगदीश मलिक, संपूर्ण आचार्य परिवार सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

जैन संत बालाचार्य अभिनंदन सागर जी का बिल्सी में मंगल प्रवचन

Spread the loveबिल्सी। बिसौली रोड स्थित श्री पदम प्रभु दिगंबर जैन अतिशय तीर्थ क्षेत्र पद्मांचल …

error: Content is protected !!