50-50 लाख मुआवजा व मजिस्ट्रेट जांच की मांग, आर्थिक सहायता भी दी
संवाददाता : गोविंद देवल | बदायूं
उझानी क्षेत्र के गांव कूड़ा नरसिंहपुर में बंद पड़ी मैन्था ऑयल फैक्ट्री में 14 फरवरी को हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मिलने पूर्व मंत्री आबिद रज़ा शुक्रवार को शेखूपुर विधानसभा के ग्राम पसेई पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक विवेक यादव के परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया।
पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने कहा कि इस हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनकी पीड़ा में वे और उनकी पार्टी पूरी तरह से साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार अकेले नहीं हैं। मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी।
पूर्व मंत्री ने सरकार से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिवार को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी बदायूं से मजिस्ट्रेट जांच कराने तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की भी मांग की। उन्होंने मौके पर ही पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
गांव वालों ने पूर्व मंत्री को बताया कि मृतक विवेक यादव परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों की मांग पर पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने मृतक परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख पान सिंह यादव, ग्राम पसेई के प्रधान सौरभ यादव, ग्राम मुजाहिदपुर के प्रधान सुनील यादव, शशांक यादव, हर्षित यादव, जितेंद्र यादव, प्रदीप यादव, अनिल यादव, अंकज यादव, रिंकू यादव, रमेश यादव, गुड्डू यादव, समीर यादव, राजीव यादव, अजीत यादव, अनेशपाल यादव, अनुपम यादव, पूर्व सपा नगर अध्यक्ष फरहत सिद्दीकी, अनवर खान सभासद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व समर्थक मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat