Breaking News

मीडिया और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय रहेगा प्राथमिकता: एसपी चारु निगम

Spread the love

सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों पर होगी कार्रवाई, अवैध खनन पर जल्द समीक्षा
संवाददाता: गोविंद देवल, सुल्तानपुर
सुल्तानपुर। जिले में पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभालने के बाद आईपीएस चारु निगम पहली बार पुलिस लाइन सभागार में मीडिया से रूबरू हुईं। परिचय कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पत्रकारों से संवाद स्थापित करते हुए कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और अवैध गतिविधियों पर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।
एसपी चारु निगम ने बताया कि वह वर्ष 2014 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। प्रशिक्षण अवधि में उन्होंने गोरखपुर, झांसी, लखनऊ और औरैया में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने कहा कि जिले में पारदर्शिता और त्वरित सूचना उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने निर्देश दिया है कि सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रत्येक महत्वपूर्ण घटना पर मीडिया को अधिकृत बाइट उपलब्ध कराएं। साथ ही थाने स्तर से भी मीडिया कर्मियों को समय पर सूचनाएं दी जाएं, ताकि अफवाहों पर रोक लगाई जा सके और तथ्यात्मक जानकारी आमजन तक पहुंचे।
नगर क्षेत्र में जाम की समस्या पर एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सड़क किनारे वाहन खड़े करने वाले वाहन स्वामियों को पहले दो दिन तक चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद भी सुधार न होने पर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जल्द ही इसकी विस्तृत समीक्षा की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले सहित अन्य जनपदों से आकर अपराध करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
एसपी चारु निगम ने कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर कोई दिक्कत सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाएगा। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि जिले से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी सीधे उन्हें दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

विश्व पर्यावरण दिवस पर पीएनबी आरसेटी ने किया वृक्षारोपण

Spread the love पौध वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश संवाददाता : गोविंद देवल …

error: Content is protected !!