Breaking News

महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी से बदलेगी भारतीय राजनीति की तस्वीर- अजय राय

Spread the love

लखनऊ। आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता को सम्बोधित किया। प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह, मीडिया विभाग के चेयरमैन पूर्व मंत्री डॉ0 सी0पी0 राय, वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ0 अलीमुल्लाह खान, प्रियंका गुप्ता, डॉ0 सुधा मिश्रा, शुचि विश्वास, इंदिरा फेलोशिप कार्यक्रम के प्रदेश कोऑर्डिनेटर धनंजय सिंह, महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव अनामिका यादव, जिला महासचिव मंजू दीप रावत, आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
राय ने कहा कि इंदिरा फेलोशिप कार्यक्रम भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की एक पहल है, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में महिलाओं को राजनीतिक क्षेत्र में सशक्त बनाने के लिए शुरू किया गया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने हमेशा से महिलाओं को शासन के विभिन्न क्षेत्रों में, विशेष रूप से राजनीतिक प्रतिनिधित्व में, प्रोत्साहित और सशक्त करने के प्रयास किए हैं। कांग्रेस ने ऐसी नीतियों और पहलों को लागू किया है, जो राजनीति और निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करती हैं।
प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि हमारे नेता, राहुल गांधी, महिलाओं की राजनीति और राष्ट्र निर्माण में बड़े पैमाने पर भागीदारी सुनिश्चित करने के विचार में गहरी रुचि रखते हैं और उन्होंने महिलाओं से इस क्रांति में शामिल होने का आग्रह किया है जिसे ‘‘शक्ति अभियान’’ कहा जाता है। राय ने कहा कि इंदिरा फेलोशिप शक्ति अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे उन महिलाओं के लिए एक मंच प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है जो अपने समुदायों में स्थायी प्रभाव डालने की आकांक्षा रखती हैं। एक राजनीतिक साधन के रूप में, यह आंदोलन ‘हक, हिस्सेदारी और पहचान’ के बुनियादी विचारों पर आधारित है।
राय ने बताया कि महज एक वर्ष के छोटे से समय में 300 से अधिक फेलो ने 28 राज्यों और 350 ब्लॉकों में 4300 शक्ति क्लब स्थापित किए हैं, जिनमें 31000 सदस्य शामिल हैं, जो शक्ति अभियान की स्थापना और संचालन का प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। प्रेसवार्ता में आगे सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आज कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और पूरी तरह से जंगलराज कायम हो चुका है। अमेठी में एक पूरे परिवार की नृशंश हत्या डर पैदा करती है। राजनीति में मुझे 32 वर्ष हो गये लेकिन पहली बार देख रहा हूं कि डेढ़ वर्ष की बच्ची की भी गोली मारकार हत्या कर दी गई।
योगी आदित्यानाथ अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए लगातार नफरत की और तोड़ने की सियासत कर रहे हैं। उनकी बुल्डोजर नीति का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह से जनपद बहराइच में आमलोगों के मकान गिराये गये वह किसी भी प्रदेश के लिए शर्म की बात है। अगर कोर्ट का भी आदेश था तो भी यह प्रदेश की जिम्मेदारी होती है कि उनके रहने का वैकल्पिक व्यवस्था की जाये। राय ने कहा कि योगेश वर्मा बीजेपी के विधायक हैं और वह बयान देते हैं कि हम दरूहा हैं। सवाल यह है कि जब एक माननीय विधायक इस तरह की भाषा का सार्वजनिक मंचों से इस्तेमाल करता है तो वह समाज में क्या संदेश देना चाहता है। राय ने कहा कि आज जिस तरह के हालात प्रदेश में व्याप्त हैं योगी जी को नैतिकता के तौर पर तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।


Spread the love

About budaunamarprabhat.com

Check Also

सरस्वती शिशु मंदिर नैनीताल मार्ग बरेली में मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस

Spread the love पर्यावरण संरक्षण से ही विश्व सुरक्षित: सुनील कुमार जल संरक्षण से ही …

error: Content is protected !!