संवाददाता: गोविंद देवल
बिल्सी (बदायूं)। बदायूं-बिजनौर हाईवे पर शुक्रवार रात तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक की टक्कर से तीन गौवंश की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पशु चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे बदायूं-बिजनौर हाईवे पर फ्यूचर लीडर स्कूल के सामने एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने सड़क पार कर रहे तीन गौवंश को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एक गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू युवा वाहिनी से जुड़े कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और घायल गौवंश को बचाने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि घायल गौवंश के उपचार के लिए उन्होंने पशु चिकित्सक को कई बार फोन किया, लेकिन रात करीब 11 बजे तक कॉल करने के बावजूद डॉक्टर की ओर से कोई जवाब नहीं मिला और बाद में उनका फोन भी बंद हो गया।
उपचार न मिलने के कारण घायल दोनों गौवंश की भी मौत हो गई। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई की। कार्यकर्ताओं ने पशु चिकित्सक की कथित लापरवाही की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान नगर मंत्री टिंकू गुप्ता, हिंदू युवा वाहिनी के यश विश्वास, अंकुर ठाकुर और हिमांशु राठौर समेत अन्य लोग मौजूद रहे। बाद में तीनों मृत गौवंश को जेसीबी की मदद से रात में ही दफन कराया गया।
Budaun Amarprabhat