Breaking News

अलविदा नमाज व ईद-उल-फितर को लेकर प्रशासन अलर्ट, 23 स्थानों पर मजिस्ट्रेट तैनात

Spread the love

बदायूं। आगामी अलविदा की नमाज और ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
डीएम ने बताया कि 23 स्थल व क्षेत्रों के लिए एक-एक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जबकि नगर क्षेत्र के 12 स्थानों पर एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 13 अधिकारियों को आरक्षित मजिस्ट्रेट के रूप में नामित किया गया है, जो आवश्यकता पड़ने पर तुरंत ड्यूटी पर लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने तथा पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्टर-पंपलेट लगाने या सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक व भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल व प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाजारों, मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ नागरिक सुविधाओं का भी ध्यान रखने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे त्योहार को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

अन्त्योदय राशन कार्ड निरस्त कर दूसरे के नाम जारी करने का आरोप, महिला ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार

Spread the loveदातागंज (बदायूं)। तहसील दातागंज क्षेत्र के गांव रोहरी की एक महिला ने उसका …

error: Content is protected !!