बदायूं। मूसाझाग क्षेत्र के एचपीसीएल प्लांट में दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया गया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैरों में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में थाना मूसाझाग पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक अजय प्रताप सिंह (34) निवासी ग्राम सैंजनी थाना मूसाझाग को उसकी निशानदेही पर ग्राम मुडसैना के जंगल में हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद करने के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी ने छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। गोली कांस्टेबल ओमबीर सिंह के बाएं हाथ में लग गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
12 मार्च को हुई थी सनसनीखेज वारदात
पुलिस के अनुसार 12 मार्च को दोपहर करीब 1:30 बजे मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम सैंजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में आरोपी अजय प्रताप सिंह ने प्लांट के दो अधिकारियों सुधीर गुप्ता (58) निवासी वृंदावन रेजिडेंसी बरेली और हर्षित मिश्रा (34) निवासी मोहल्ला साहूकारा, थाना पूरनपुर, जिला पीलीभीत को गोली मार दी थी। दोनों को गंभीर हालत में सीएचसी दातागंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में प्लांट कर्मी जीशान अंसारी की तहरीर पर थाना मूसाझाग में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में किया खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एचपीसीएल प्लांट में वेंडर के रूप में काम करता था। प्लांट प्रबंधन द्वारा नौकरी से निकालने और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने से नाराज होकर उसने दो तमंचे लेकर दोनों अधिकारियों को गोली मार दी थी। वारदात के बाद उसने तमंचा मुडसैना के जंगल में छिपा दिया था।
पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Budaun Amarprabhat