बदायूं। जनपद में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम सैजनी में बड़ी कार्रवाई की। एचपीसीएल घटना के आरोपी अजय प्रताप सिंह के परिवार की 11 दुकानों पर बुलडोजर चलाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
प्रशासन को सैजनी-हजरतपुर-म्याऊ (अजीमा) मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत प्राप्त हुई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जांच की, जिसमें मौके पर 11 दुकानों द्वारा सड़क पर कब्जा पाया गया।
अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद जिला प्रशासन ने मंगलवार को सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की और सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Budaun Amarprabhat