उसावां (बदायूं)। संवाददाता अमित वर्मा। ईद के त्योहार को देखते हुए क्षेत्र की ग्राम पंचायत मसूदपुरा में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस पहल से पूरे गांव का माहौल स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आने लगा है, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
ग्राम प्रधान इकराम आलम के निर्देशन में सफाई कर्मचारियों की टीम ने सुबह से ही अभियान शुरू कर दिया। गांव की नालियों, सड़कों और गलियों की व्यापक सफाई की गई। खासतौर पर मस्जिद के आसपास और मुख्य रास्तों को प्राथमिकता देते हुए सफाई कार्य कराया गया, ताकि नमाज अदा करने आने वालों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ईद से पहले इस तरह की व्यवस्था से उन्हें काफी राहत मिली है। पहले जहां गंदगी और जलभराव की समस्या बनी रहती थी, वहीं अब गांव साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखाई दे रहा है।
लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह नियमित रूप से साफ-सफाई होती रहे, तो गांव का वातावरण और बेहतर बनाया जा सकता है।
Budaun Amarprabhat