
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता रहे मुख्य अतिथि, पूरे नवंबर माह चलेगा यातायात जागरूकता अभियान
बदायूं। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। एसएसपी अंकिता शर्मा ने यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए सड़क सुरक्षा को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम में एसएसपी ने वाहन चालकों, विद्यार्थियों और आम लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की अपील की। इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाने, स्टंट बाइकिंग, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी।
इसके बाद सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और एसएसपी अंकिता शर्मा ने यातायात जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस लाइंस से शुरू होकर पुलिस लाइन चौराहा, इंदिरा चौक, लावेला चौक और जेल तिराहा होते हुए वापस पुलिस लाइंस पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान एएसपी ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, एसडीएम सदर साई आश्रित शाखमुरी, सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव, एआरटीओ हरिओम गौतम, यातायात प्रभारी मनोज कुमार वर्मा सहित पुलिसकर्मी, एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थी, ऑटो और ई-रिक्शा चालक तथा अन्य लोग मौजूद रहे।
बदायूं पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का स्वयं पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।
Budaun Amarprabhat