मेघनाद वध से लेकर सुलोचना के सती होने तक के प्रसंगों ने रामलीला पंडाल में बांधा समां
बिल्सी (बदायूं)। थाना बिल्सी क्षेत्र के ग्राम पिंडौल में जनता आदर्श रामलीला क्लब की ओर से आदर्श कमेटी हसनपुर अमरोहा के कलाकारों द्वारा आयोजित रामलीला के नौवें दिन लक्ष्मण शक्ति, मेघनाद वध और सती सुलोचना के मार्मिक प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों के शानदार अभिनय ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
लीला के दौरान मेघनाद और लक्ष्मण के बीच भीषण युद्ध का मंचन हुआ। युद्ध में मेघनाद ने शक्ति अस्त्र का प्रयोग कर लक्ष्मण को मूर्छित कर दिया। लक्ष्मण को मूर्छित देखकर भगवान श्रीराम व्याकुल हो उठे। इसके बाद हनुमान जी लंका से वैद्य सुषेण को लेकर आए और द्रोणागिरि पर्वत से संजीवनी बूटी लाए। संजीवनी मिलने पर लक्ष्मण के स्वस्थ होते ही पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
इसके बाद लक्ष्मण और मेघनाद के बीच दोबारा युद्ध हुआ, जिसमें लक्ष्मण ने मेघनाद का वध कर दिया। मेघनाद की मृत्यु का समाचार मिलने पर उसकी पत्नी सुलोचना शोक में डूब गईं। वह अपने पति का शीश लेने भगवान श्रीराम के शिविर पहुंचीं। यहां सुलोचना ने भगवान श्रीराम की महिमा का वर्णन करते हुए पति का शीश मांगा। इसके बाद सती सुलोचना के प्रसंग का भावुक मंचन किया गया। इस दृश्य को देखकर पंडाल में मौजूद दर्शक भावुक हो उठे।
रामलीला के सफल आयोजन में मेला अध्यक्ष सत्यप्रकाश तिवारी, प्रबंधक डॉ. प्रदीप गुप्ता, कोषाध्यक्ष मास्टर राजेश गुप्ता, अनुराग भूषण गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, मनोहर लाल शर्मा, मुनेन्द्र शर्मा, मुनीष तिवारी, शुभम तिवारी उर्फ तनु तिवारी, अनिल तिवारी, जगदीश सक्सेना, अजय सक्सेना, सोवरन सिंह, वीरेंद्र प्रजापति और चौधरी जसवंत सिंह सहित कमेटी के पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।
Budaun Amarprabhat