चंदौसी। दीपावली के त्योहार को देखते हुए संभल जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। चंदौसी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी रोकने और अवैध भंडारण पर नकेल कसने के लिए उपजिलाधिकारी आशुतोष तिवारी ने पटाखा गोदामों पर औचक निरीक्षण किया। प्रशासनिक टीम के अचानक पहुंचने से पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गोदामों में अग्निशमन उपकरणों, पानी की समुचित व्यवस्था, रेत से भरी बाल्टियों और आपातकालीन निकास मार्गों की बारीकी से पड़ताल की। इसके साथ ही उन्होंने पटाखों के भंडारण की अनुमति, स्टॉक रजिस्टर और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की गहनता से जांच की।
एसडीएम आशुतोष तिवारी ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान आम जनता की सुरक्षा से किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा। सुरक्षा मानकों पर खरा न उतरने वाले गोदाम संचालकों और अवैध रूप से बारूद व पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कारोबारियों को निर्धारित सीमा के भीतर ही माल रखने और सभी सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
Budaun Amarprabhat