नई दिल्ली।
देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 27 मार्च को बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद 29 और 30 मार्च को भी मौसम के दोबारा सक्रिय होने के संकेत हैं।
राजस्थान में 28 से 30 मार्च के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
वहीं पहाड़ी राज्यों में मौसम ज्यादा असरदार रहेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 26 और 28 मार्च को बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश में 28 मार्च और उत्तराखंड में 27 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
Budaun Amarprabhat