बदायूं में अपराध समीक्षा बैठक, महिला सुरक्षा, गैंगस्टर कार्रवाई और कानून-व्यवस्था पर फोकस
संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
बदायूं। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने की, जिसमें सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में जिले में घटित प्रमुख अपराधों, लंबित विवेचनाओं, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधियों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों के समयबद्ध निपटारे पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में लुटेरे, चोर, हिस्ट्रीशीटर, टॉप-10 अपराधी और इनामी बदमाशों की लगातार निगरानी कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही गैंगस्टर एक्ट के मामलों में अपराधियों की अवैध संपत्ति चिन्हित कर जब्तीकरण की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।
महिला एवं बाल अपराधों को लेकर एसएसपी ने विशेष संवेदनशीलता बरतने और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला हेल्पडेस्क, एंटी रोमियो टीम और महिला बीट पुलिस द्वारा गांव-गांव और स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
आगामी डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को पीस कमेटी की बैठकें करने और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने, जाम की स्थिति न बनने देने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ‘जीरो फैटिलिटी’ लक्ष्य पर काम करने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी है और इसके लिए जनजागरूकता जरूरी है।
बैठक में ऑपरेशन त्रिनेत्र, दहन, दृष्टि और अन्य अभियानों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों को सम्मन-वारंट की समय पर तामील और अभियोजन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
Budaun Amarprabhat