रसूलपुर डंपिंग ग्राउंड पर लीगेसी वेस्ट निस्तारण परियोजना शुरू
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में नगर पालिका ने एक अहम पहल करते हुए रसूलपुर स्थित डंपिंग ग्राउंड पर लीगेसी वेस्ट रिमेडिएशन परियोजना का शुभारंभ किया। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुई इस परियोजना का मंगलवार को पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान पालिका अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
नगर पालिका की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत वर्षों से जमा पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। लंबे समय से डंपिंग ग्राउंड पर जमा कचरे से उठने वाली दुर्गंध, जहरीली गैसों और प्रदूषण के कारण आसपास के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। परियोजना शुरू होने से अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने बताया कि इस कार्य की जिम्मेदारी ‘श्री कामद इंटर प्राइजेज’ कंपनी को सौंपी गई है। कंपनी आधुनिक मशीनों और प्रशिक्षित कर्मचारियों की मदद से वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर कचरे का उपचार करेगी। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन लगभग 60 मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट का निस्तारण किया जाएगा, जिससे धीरे-धीरे वर्षों से जमा कचरा पूरी तरह समाप्त हो सकेगा।
पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए खतरा था लीगेसी वेस्ट
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि लीगेसी वेस्ट केवल गंदगी का ढेर नहीं, बल्कि पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा होता है। इससे निकलने वाली जहरीली गैसें वायु प्रदूषण बढ़ाती हैं, जबकि बरसात के दौरान रिसने वाला दूषित पानी भूजल को भी प्रभावित करता है। इसके अलावा संक्रमण और दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका बदायूं को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त शहर बनाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।
शहर के सौंदर्यीकरण पर भी जोर
फात्मा रजा ने कहा कि उनका लक्ष्य बदायूं को एक आदर्श और व्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करना है। इसके लिए शहर में सड़क कनेक्टिविटी सुधारने, पार्कों के विकास, मुख्य मार्गों पर डिवाइडर निर्माण, हरित पट्टी विकसित करने और सौंदर्यीकरण के कार्य लगातार कराए जा रहे हैं।
उन्होंने नागरिकों से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने से बचें।
डंपिंग ग्राउंड की भूमि का होगा बेहतर उपयोग
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद डंपिंग ग्राउंड की भूमि का बेहतर उपयोग संभव हो सकेगा। अभी तक यह क्षेत्र कचरे के ढेर में तब्दील था, लेकिन उपचार कार्य पूरा होने के बाद यहां पर्यावरण अनुकूल विकास कार्य कराए जा सकेंगे।
अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है और बदायूं नगर पालिका इसी दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।
स्थानीय लोगों ने भी परियोजना शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी की समस्या बनी हुई थी, जिससे खासकर गर्मी और बरसात के मौसम में परेशानियां बढ़ जाती थीं। अब इस योजना से हालात में सुधार की उम्मीद है।
इस मौके पर कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सचिन सक्सेना, लवी कुमार, लिपिक नवैद इकबाल गनी, जितेंद्र सक्सेना, गजेंद्र शाक्य सहित अन्य कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat