Breaking News

प्रभारी मंत्री की अफसरों को चेतावनी, बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं, योजनाओं में दिखे असर

Spread the love

बिजली, पेंशन, गौशाला और सड़कों पर फोकस; बरसात से पहले नालों की सफाई के निर्देश

संवाददाता : गोविंद देवल

बदायूं। जनपद की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी लगन और निष्ठा से कार्य करें तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचना चाहिए।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक तथा अवनीश राय मौजूद रहे।

प्रभारी मंत्री ने आगामी बरसात को देखते हुए नालों की सफाई अभियान अभी से शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली व्यवस्था मजबूत रखने, विधवा और वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने तथा गौशालाओं में निराश्रित गोवंशों के लिए पानी और छांव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि बिजली के लोकल ब्रेकडाउन से आमजन परेशान नहीं होने चाहिए। खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदले जाएं और जरूरत पड़ने पर बिजलीघरों का उच्चीकरण कराया जाए।

सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने ग्रामीण पाइप पेयजल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत कराने की मांग उठाई। वहीं शारदेंदु पाठक ने जिले के 162 कोल्ड स्टोरेज में निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की अप्रैल 2026 समीक्षा में बदायूं को विकास कार्यों में 42वीं, राजस्व में 19वीं और संयुक्त रूप से 23वीं रैंक मिली है। उन्होंने बताया कि 85 योजनाओं की समीक्षा में जिले को 53 योजनाओं में ए श्रेणी प्राप्त हुई है।

उन्होंने बताया कि फैमिली आईडी, जननी सुरक्षा योजना, आईसीडीएस पोषण योजना और विद्युत बिल सुधार संबंधी आवेदनों में सुधार के निर्देश दिए गए हैं। जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों के भुगतान के लिए बजट भी प्राप्त हो चुका है।

बैठक में मुख्यमंत्री युवा विकास अभियान के तहत लक्ष्य पूर्ति, ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं, गंगा एक्सप्रेसवे के पास ट्रॉमा मैनेजमेंट व्यवस्था तथा बिजली विभाग की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधीक्षण अभियंता विद्युत ने बताया कि अनूगुईया बिजलीघर का निर्माण पूरा हो चुका है और जल्द ही उसका उद्घाटन कराया जाएगा।

इस दौरान जिला वन अधिकारी निधि चौहान, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीमोहन झा, अधीक्षण अभियंता विद्युत अजय कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

दातागंज पुलिस ने दो युवकों को चार चोरी की मोटरसाइकिलों समेत पकड़ा

Spread the loveवाहन चेकिंग के दौरान मिली सफलता, बरामद वाहनों के संबंध में पुलिस कर …

error: Content is protected !!