Breaking News

तीन दिन में शहर के सभी स्वीमिंग पूलों की होगी जांच, मानकों में लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई

Spread the love

बच्चे की मौत के बाद जागा प्रशासन

तीन दिन में शहर के सभी स्वीमिंग पूलों की होगी जांच, मानकों में लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई

संवाददाता : गोविंद देवल

बदायूं। शहर में एक मासूम बच्चे की मौत के बाद स्वीमिंग पूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। फात्मा रजा ने शहर और आसपास संचालित सभी स्वीमिंग पूलों की व्यापक जांच कराने के निर्देश दिए हैं। पालिका प्रशासन ने तीन दिन के भीतर जांच पूरी कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

हालिया घटना के बाद शहर में संचालित कई स्वीमिंग पूलों की सुरक्षा व्यवस्थाओं और संचालन को लेकर सवाल उठने लगे थे। विभिन्न स्तरों पर शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ पूल बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों और मानकों के संचालित किए जा रहे हैं। इसी को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद ने संयुक्त जांच अभियान शुरू करने का फैसला लिया है।

पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी हालत में लोगों की जान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच में यदि कोई स्वीमिंग पूल निर्धारित मानकों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका प्रशासन के अनुसार जांच के दौरान स्वीमिंग पूलों के एनओसी, संचालन की वैध अनुमति, भवन उपयोग परिवर्तन, सुरक्षा उपकरण, आपातकालीन इंतजाम, जल निकासी व्यवस्था और दूषित जल निस्तारण जैसे बिंदुओं की गहन जांच की जाएगी। साथ ही पानी की गुणवत्ता और उसके शुद्धिकरण की व्यवस्था भी परखी जाएगी।

जांच प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए पालिका प्रशासन ने संयुक्त टीम गठित की है। इसमें नितिन सक्सेना, मोहम्मद तय्यब, केशव गंगवार, सचिन सक्सेना, महेश बाबू, उमेश और सिद्धार्थ समेत अन्य कर्मचारी शामिल किए गए हैं।

पालिका प्रशासन ने टीम को निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि गर्मी के मौसम में स्वीमिंग पूलों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह अभियान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने भी नगर पालिका की इस पहल का स्वागत किया है और कहा है कि बच्चों और युवाओं की सुरक्षा के लिए नियमित निरीक्षण बेहद जरूरी है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

पूर्व छात्र परिषद ने ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण

Spread the love बदायूं। आज विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर स्थानीय विद्यालय में …

error: Content is protected !!