Breaking News

उद्घाटन से पहले उखड़ने लगी सड़क, भाकियू ने गुणवत्ता पर उठाए सवाल

Spread the love

पिंडोल-बड़नौमी मार्ग निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप, जांच न होने पर आंदोलन की चेतावनी

संवाददाता : गोविंद देवल, बिल्सी

बिल्सी। क्षेत्र के गांव पिंडोल में ईंट भट्ठे से बड़नौमी तक हाल ही में निर्मित लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क उद्घाटन से पहले ही उखड़ने लगी है। सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने गंभीर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।

भाकियू के युवा जिलाध्यक्ष अरशद खान और जिला उपाध्यक्ष इरशाद खां कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार महादेव बिल्डर पर मानकों के विपरीत सड़क निर्माण कराने का आरोप लगाया। नेताओं का कहना है कि सड़क निर्माण के महज तीन दिन बाद ही उसकी परत उखड़ने लगी है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

भाकियू नेताओं के अनुसार जब उन्होंने ठेकेदार से इस संबंध में बात की तो उसने कम बजट का हवाला दिया। इस दौरान सड़क की गुणवत्ता को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसका वीडियो संगठन के कार्यकर्ताओं ने बना लिया। आरोप है कि ठेकेदार ने स्वयं को सत्ता पक्ष से जुड़ा बताते हुए दबाव बनाने का प्रयास किया।

युवा जिलाध्यक्ष अरशद खान ने कहा कि सड़क निर्माण में सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने जिला प्रशासन से तीन दिन के भीतर सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि जांच नहीं कराई गई तो भाकियू चढ़ूनी जिला मुख्यालय पर आंदोलन करेगी।

वहीं, संगठन के जिला प्रभारी कृष्ण अवतार शाक्य ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से खराब पड़ी थी और क्षेत्रवासियों की मांग पर इसका निर्माण स्वीकृत हुआ था। आरोप लगाया कि ठेकेदार की मनमानी के चलते लोगों को जल्द ही फिर टूटी सड़क पर चलने को मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से ठेकेदार के भुगतान पर तत्काल रोक लगाने तथा उसे ब्लैकलिस्ट करने की मांग की। साथ ही कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर संगठन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत जल एवं ऊर्जा संरक्षण पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Spread the loveबरेली, 1 जून 2026ः रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार एवं मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर …

error: Content is protected !!