6,082 प्रगणक और 1,014 पर्यवेक्षक घर-घर पहुंचकर कर रहे डिजिटल गणना, 2,729 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों का कार्य पूर्ण
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य जनपद बदायूं में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तेजी से संचालित किया जा रहा है। गणना कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद में 6,082 प्रगणकों तथा 1,014 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है, जो घर-घर जाकर डिजिटल माध्यम से सूचनाएं संकलित कर रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार पूरी प्रक्रिया एचएलओ (HLO) ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से संचालित की जा रही है। गणना के दौरान परिवारों और मकानों से संबंधित एकत्रित की जा रही जानकारी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और नीतियों के निर्माण एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जनपद को कुल 6,257 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों (एचएलबी) में विभाजित किया गया है। शुक्रवार दोपहर तक प्राप्त प्रगति रिपोर्ट के अनुसार 2,729 एचएलबी में क्षेत्रीय कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
प्रशासन ने बताया कि मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का क्षेत्रीय कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक निर्धारित है। जनपद प्रशासन का लक्ष्य 10 जून तक सभी हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में क्षेत्रीय कार्य पूरा करने का है। इसके बाद शेष अवधि में उन मकानों का पुनः सर्वेक्षण किया जाएगा, जो प्रथम भ्रमण के दौरान बंद पाए गए थे, ताकि कोई भी मकान गणना से छूटने न पाए।
जनपद प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कर्मियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें।
Budaun Amarprabhat