बिल्सी (बदायूं)। थाना क्षेत्र के बरनी ढकपुरा गांव के पास ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो घायलों के पैर टूट गए, जबकि एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ई-रिक्शा लकड़ी लेकर गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इनमें से एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए बरेली के हायर सेंटर भेजा गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
Budaun Amarprabhat