बिल्सी। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजवीर सिंह गंगवार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रसव कक्ष, नवजात शिशु स्थिरीकरण इकाई (एनबीएसयू), लेबर रूम, वार्ड तथा आपातकालीन कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डॉ. गंगवार ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के लिए गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, हाई रिस्क गर्भवतियों की समय पर पहचान और गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का भी अवलोकन किया। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उप मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और गर्भवती महिलाओं को समय पर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता सहित संबंधित चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।संवाददाता : गोविंद देवल, बिल्सी
Budaun Amarprabhat