चन्दौसी (संभल)। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग के प्रवर्तन दल ने आज चन्दौसी के ज़ारई गेट क्षेत्र में मीट विक्रय प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सघन जाँच अभियान चलाया। इस कार्रवाई में कई दुकानों के लाइसेंस निलंबित या निरस्त पाए गए, जिसके बावजूद वहाँ अवैध रूप से कारोबार संचालित हो रहा था। विभाग ने इन सभी दुकानों को तत्काल बंद करा दिया है और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जाँच टीम ने पाया कि ज़ारई गेट स्थित गोस मियाँ मीट शॉप, ज़ुल्फ़िकार मीट शॉप, वाजिद हुसैन मीट शॉप, जुनैद मीट शॉप, ग़ुलाम मोहम्मद मीट शॉप और नाज़िम मीट शॉप का खाद्य पंजीकरण या लाइसेंस पहले ही निरस्त किया जा चुका था। इसके बावजूद ये संचालक चोरी-छिपे मीट का कारोबार कर रहे थे। प्रवर्तन दल ने इन सभी दुकानदारों को तत्काल प्रभाव से कारोबार बंद करने के सख्त निर्देश दिए हैं। विभाग ने जानकारी दी है कि इन सभी के विरुद्ध माननीय न्यायालय में वाद दायर करने की कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान नदीम मीट शॉप, अब्दुल लतीफ मीट शॉप और मो. इसरार मीट शॉप बंद मिलीं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इन प्रतिष्ठानों पर नोटिस चस्पा किए हैं। दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि वे नियमानुसार निरीक्षण और लाइसेंस प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अपना कारोबार दोबारा शुरू कर सकें।
खाद्य सुरक्षा विभाग के इस अचानक हुए निरीक्षण से क्षेत्र के मीट विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा।
Budaun Amarprabhat