बदायूँ। महिला कल्याण विभाग जनपद में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत अब तक जनपद की 31,172 बालिकाओं को लाभान्वित किया जा चुका है।
महिला कल्याण विभाग द्वारा मिशन शक्ति और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में बालिका सुरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं, करियर काउंसलिंग तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। विभाग के अनुसार, जिले की कई बालिकाएं देश के विभिन्न राज्यों के विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।
विभाग ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का उद्देश्य बालिकाओं के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना, लिंगानुपात में सुधार लाना तथा समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है। यह योजना 1 अप्रैल 2019 से संचालित है और इसके लिए आवेदन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किए जाते हैं। योजना की धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाती है।
योजना का लाभ उत्तर प्रदेश के स्थायी निवासी ऐसे परिवारों को मिलता है, जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक है। निर्धारित पात्रता पूरी करने वाली बालिकाओं को जन्म, टीकाकरण, कक्षा 1, कक्षा 6, कक्षा 9 तथा 12वीं के बाद स्नातक अथवा डिप्लोमा में प्रवेश लेने पर अलग-अलग चरणों में आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
महिला कल्याण विभाग ने पात्र परिवारों से अपील की है कि वे योजना का लाभ लेने के लिए समय पर ऑनलाइन आवेदन कर अपनी बेटियों को सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से जोड़ें।
Budaun Amarprabhat