बदायूँ। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) गामीनी सिंगला ने गुरुवार
को विकास खंड कादरचौक के अंतर्गत विभिन्न सरकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, मनरेगा और अन्य विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। कई स्थानों पर कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने सबसे पहले सिमरिया स्थित वृहद गो-संरक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। यहां 468 गोवंश संरक्षित मिले, जिनमें 408 गोवंश टैगयुक्त पाए गए। उन्होंने गोशाला की बाउंड्रीवाल, कैमरे और सोलर प्लांट की व्यवस्था कराने तथा सभी गोवंशों की टैगिंग पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय सिमरिया के निरीक्षण में विद्यालय परिसर में साफ-सफाई का अभाव, खराब पंखे और बंद ट्यूब लाइट मिली। 101 पंजीकृत विद्यार्थियों के सापेक्ष केवल 37 छात्र उपस्थित मिले। सीडीओ ने साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिलने पर संबंधित सीडीपीओ से स्पष्टीकरण लेने और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कम्पोजिट विद्यालय कादरचौक में निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी सहायिकाएं सुशीला राठौर और कुसुम रानी अनुपस्थित मिलीं। इस पर उनके विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादरचौक में पर्याप्त साफ-सफाई न मिलने पर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने एएनएम को अपने-अपने उपकेंद्रों पर नियमित रूप से उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मनरेगा के तहत कराए जा रहे पौधरोपण कार्यों का भी जायजा लिया गया। पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अमृत सरोवर एवं बाढ़ परियोजना के कार्यों का निरीक्षण कर इंटरलॉकिंग और टाइल्स सहित अन्य कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
सीडीओ ने शेखूपुर पंचायत भवन स्थित लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया और ग्रामीणों से पुस्तकालय का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। वहीं स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण कर मुख्य मार्ग से बैडमिंटन और वॉलीबॉल हॉल तक संपर्क मार्ग बनाने के निर्देश मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिए।
Budaun Amarprabhat