लखनऊ/आजमगढ़। संसद मार्च के दौरान युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सोशलिस्ट किसान सभा और पूर्वांचल किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने आजमगढ़ जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों पर विचार किए जाने की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दों पर युवाओं में चिंता है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने, युवाओं की समस्याओं का समाधान करने तथा उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता बताई।
ज्ञापन में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं की मांगों पर उचित निर्णय लेने, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने तथा परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की गई। इसके अलावा मौलाना जौहर अली विश्वविद्यालय, रामपुर से संबंधित आदेश पर पुनर्विचार करने का भी अनुरोध किया गया।
किसान संगठनों ने आजमगढ़ की एक नीट अभ्यर्थी की मृत्यु पर दुख व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते पर भी अपनी चिंताएं व्यक्त करते हुए किसानों और युवाओं के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही।
प्रदर्शनकारियों ने राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना की निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और प्रतिमा को पुनः स्थापित करने की मांग भी उठाई।
प्रदर्शन में राजीव यादव, वीरेंद्र यादव, कलीम जमाई, विनोद यादव, सत्यम प्रजापति, अवधेश यादव, राजशेखर, महेंद्र यादव, नंदलाल यादव, यमुना प्रजापति, मनीष यादव, मुशीर शेरवानी, अमित मौर्य, कर्मवीर यादव, निशांत प्रजापति सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat