Breaking News

कांवड़ यात्रा के दौरान अवकाश और ऑनलाइन उपस्थिति पर जताया कड़ा विरोध

Spread the love

प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन
बदायूँ। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद बदायूँ का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने परिषदीय शिक्षकों की विभिन्न ज्वलंत और गंभीर समस्याओं के त्वरित निस्तारण की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा ने बीएसए को अवगत कराया कि श्रावण मास लगते ही कांवड़ यात्रा के कारण मार्गों पर भारी डायवर्जन किया जाता है। इसके अलावा जनपद में कछला गंगाघाट से बरेली, दातागंज, उसावां, बिल्सी और बिसौली तक सड़कों के निर्माण कार्य गतिमान हैं, जिससे शिक्षकों और बच्चों का विद्यालयों तक पहुँचना अत्यंत कठिन और जोखिम भरा हो गया है।
उन्होंने मांग की कि पिछले वर्षों की भाँति इस वर्ष भी कांवड़ यात्रा और रूट डायवर्जन की अवधि के दौरान शनिवार व सोमवार को विद्यालयों में अवकाश घोषित किया जाए, ताकि किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
बैठक के दौरान शिक्षकों पर बन रहे मानसिक दबाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने बीएसए को बताया कि कतिपय विकास खंडों में खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा ‘अपार आईडी’ जेनरेट करने के नाम पर शिक्षकों पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है, जिससे शिक्षक मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि विभाग शिक्षकों से ही अपार आईडी बनवाना चाहता है, तो इसके लिए शिक्षकों को शिक्षण कार्य से कार्यमुक्त किया जाए, क्योंकि विद्यालय अवधि के दौरान बच्चों को पढ़ाने के साथ यह कार्य करना संभव नहीं है।
इसके अलावा, छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज न कराने पर कुछ शिक्षकों का वेतन रोके जाने की कार्रवाई पर संघ ने तीव्र रोष व्यक्त किया। संगठन ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक शासन स्तर पर संगठन के साथ वार्ता के दौरान तय हुई मांगों का संतोषजनक समाधान नहीं हो जाता, तब तक शिक्षक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करेंगे।
ज्ञापन में चयन वेतनमान, प्रोन्नत वेतनमान, जीपीएफ भुगतान, मातृत्व एवं बाल देखभाल अवकाश, उपार्जित अवकाश तथा मिड-डे मील खाद्यान्न से संबंधित मामलों का भी विशेष उल्लेख किया गया। संघ ने रोष जताया कि इन प्रकरणों के निस्तारण हेतु बीएसए द्वारा पूर्व में जो निर्देश जारी किए गए थे, उनका धरातल पर पालन नहीं हो रहा है।
टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव व जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण नहीं हुआ, तो शिक्षक संघ कड़ा कदम उठाने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए बीएसए नवीन कुमार ने समस्त समस्याओं का शीघ्र और सकारात्मक निस्तारण करने का आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में संघ के जिला महामंत्री उदयवीर सिंह यादव और जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी समेत कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

टीएमयू में बतौर एक्सपर्ट संयुक्त आयुक्त, उद्योग ने दिए इन्नोवेटिव आइडियाज़ संग स्टार्टअप प्रपोजल्स के गुर

Spread the loveमुरादाबाद। एमएसएमई हैकथॉन आइडिया 6.0 के तहत संयुक्त आयुक्त, उद्योग, आगरा अनुज कुमार …

error: Content is protected !!