सुबह पशुपालक पहुंचा तो खुली चोरी की वारदात, पुलिस को दी तहरीर
मुजरिया। थाना क्षेत्र के गांव सगराय में बीती रात अज्ञात चोरों ने पशुशाला को निशाना बनाकर दो भैंस और दो पड़िया चोरी कर लीं। सुबह पशुपालक के पशुशाला पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई तो गांव में हड़कंप मच गया।
गांव सगराय निवासी लोकपाल पुत्र नेतराम की पशुशाला में अज्ञात चोरों ने रात के समय धावा बोल दिया। चोरों ने पहले पशुशाला के गेट का ताला तोड़ा और अंदर बंधे दो भैंस तथा दो पड़िया खोलकर अपने साथ ले गए। घटना के बाद चोर मौके से फरार हो गए।
सुबह जब पशुपालक पशुशाला पहुंचा तो ताला टूटा और पशु गायब मिले। इसके बाद उसने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने थाना मुजरिया पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर देकर चोरी गए पशुओं की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Budaun Amarprabhat