गांव से कछला गंगा घाट जा रही थी युवाओं की टोली, हादसे के बाद मची अफरातफरी
कादरचौक। थाना क्षेत्र के गांव गौरामयी में शनिवार देर रात डीजे वाहन में करंट उतरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन युवक झुलस गए। हादसा गांव के पास उस समय हुआ, जब युवाओं की टोली डीजे वाहन के साथ कछला गंगा घाट जल लेने के लिए जा रही थी। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि गांव के कुछ युवा कांवड़ यात्रा के लिए डीजे वाहन तैयार कर कछला जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में 11 केवीए की विद्युत लाइन के तार डीजे वाहन के लोहे के एंगल से छू गए। तार के संपर्क में आते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली और डीजे वाहन में करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में कई युवक और बच्चे आ गए।
हादसे में रोहित कुमार (33) की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं सौरभ, जागेश, प्रशांत, विपेंद्र, तेजवीर और दिनेश समेत कई युवक झुलस गए। सभी घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
करंट कैसे फैला, इस पर अलग-अलग बातें
हादसे को लेकर पीड़ित पक्ष और पुलिस प्रशासन की ओर से अलग-अलग बातें सामने आई हैं। परिजनों का कहना है कि रास्ते में बिजली लाइन का तार डीजे वाहन के लोहे के हिस्से से छू गया, जिससे करंट पूरे वाहन में फैल गया। वहीं पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखे डीजे में लगे जनरेटर में शॉर्ट सर्किट होने से हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। मृतक रोहित कुमार के परिवार में पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हादसे के बाद गमगीन माहौल बना हुआ है।
Budaun Amarprabhat