बिल्सी। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई दिशा प्रदान करते हुए क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री हरीश शाक्य ने ग्राम जरीफपुर गढ़िया में राजकीय हाई स्कूल के निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि बिल्सी विधानसभा क्षेत्र का सतत और सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता है और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनका मुख्य उद्देश्य है।
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक श्री हरीश शाक्य ने जोर देकर कहा कि शिक्षा पर उनका विशेष बल है। उन्होंने कहा कि हमारा यह सपना है कि क्षेत्र का हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे और अपने जीवन के लक्ष्यों को साकार करे। उच्च शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा के लिए बच्चों को दूर-दराज के इलाकों में न भटकना पड़े, इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि जरीफपुर गढ़िया में राजकीय हाई स्कूल के बन जाने से इस क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के दर्जनों गांवों के छात्र-छात्राओं को बहुत बड़ी राहत मिलेगी। अब विद्यार्थियों को 10वीं की शिक्षा के बाद लंबी दूरियां तय नहीं करनी पड़ेंगी, जिससे विशेष तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों की शिक्षा को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा।
प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश और बिल्सी विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। आज सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार— इन चारों प्रमुख क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे शिक्षा के महत्व को समझें, अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर बिल्सी को एक शिक्षित और समृद्ध क्षेत्र बनाएं।
Budaun Amarprabhat