बदायूं। जिले में आज राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) का भव्य शुभारंभ शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास शर्मा और विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री वेदरत्न शर्मा द्वारा बच्चों को एल्बेंडाजोल (पेट के कीड़े की दवाई) की टेबलेट खिलाकर संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग और विद्यालय के कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास शर्मा ने बच्चों और किशोर-किशोरियों को संबोधित करते हुए बताया कि कृमि संक्रमण के कारण शरीर में कुपोषण और खून (हीमोग्लोबिन) की कमी हो जाती है, जिससे हमेशा थकान बनी रहती है और बच्चों का संपूर्ण शारीरिक व मानसिक विकास रुक जाता है। उन्होंने सलाह दी कि 1 से 19 वर्ष की आयु के सभी बच्चों और किशोर-किशोरियों को यह दवा वर्ष में दो बार जरूर खानी चाहिए।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मो. असलम ने कृमि संक्रमण से बचाव के सरल उपायों की जानकारी देते हुए बताया कि हमेशा शौचालय का प्रयोग करें, आसपास सफाई रखें, फल-सब्जियां साफ पानी से धोएं, हमेशा स्वच्छ पानी पिएं और खाने को ढककर रखें। इसके अलावा नाखून छोटे और साफ रखना, जूते-चप्पल पहनना तथा खाने से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोना बेहद आवश्यक है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि एल्बेंडाजोल की यह चबाने वाली गोली सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, प्राइवेट विद्यालयों, मदरसों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। जो बच्चे स्कूल नहीं जाते, वे नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र पर जाकर यह गोली प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही यह भी बताया गया कि जो बच्चे किसी कारणवश आज छूट गए हैं, उन्हें आगामी 18 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘मॉप-अप दिवस’ पर एल्बेंडाजोल की गोली अवश्य पिलाई जाए।
इस अवसर पर मुख्य रूप से नोडल अधिकारी एन.डी.डी. डॉ. श्रीमोहन झा, डीसीपीएम अरविन्द राना, अर्बन कोर्डिनेटर उमेश राठौर, आर.के.एस.के. कोर्डिनेटर सचिन सक्सेना सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक, अध्यापिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat