बदायूं। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास में अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास शर्मा और विद्यालय की प्रधानाचार्या श्री वेदरत्न शर्मा ने बच्चों को एल्बेन्डाजॉल की चबाने वाली गोली खिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि कृमि संक्रमण के कारण बच्चों और किशोर-किशोरियों में कुपोषण तथा खून की कमी हो सकती है। इससे थकान बनी रहती है और शारीरिक व मानसिक विकास प्रभावित होता है। उन्होंने बताया कि 1 से 19 वर्ष तक की आयु के बच्चों और किशोर-किशोरियों को वर्ष में दो बार कृमिनाशक दवा दी जानी चाहिए।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मो. असलम ने बताया कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए साफ-सफाई रखना, शौचालय का प्रयोग करना, फल-सब्जियों को साफ पानी से धोना, स्वच्छ पानी पीना और भोजन को ढककर रखना जरूरी है। इसके साथ ही नाखून छोटे व साफ रखने, जूते-चप्पल पहनने तथा खाने से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने की सलाह दी गई।
उन्होंने बताया कि सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों, मदरसों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर एल्बेन्डाजॉल की गोली निःशुल्क उपलब्ध है। स्कूल न जाने वाले बच्चों को भी नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र पर दवा खिलाई जाएगी। अभियान में जो बच्चे किसी कारण से छूट जाएंगे, उन्हें 18 अगस्त को मॉपअप दिवस पर दवा अवश्य खिलाई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. श्रीमोहन झा, डॉ. मो. असलम, डीसीपीएम अरविंद राना, अर्बन कोऑर्डिनेटर उमेश राठौर, आरकेएसके कोऑर्डिनेटर सचिन सक्सेना सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat