बदायूं। मदर एथीना स्कूल में आगामी ‘हिंदी दिवस’ के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे ‘हिंदी सप्ताह’ के दूसरे दिन गुरुवार को कक्षा-9 और 10 के विद्यार्थियों के लिए भव्य ‘हिंदी अभिभाषण प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों में अपनी राष्ट्रभाषा के प्रति रुचि बढ़ाना, उनकी अभिव्यक्ति क्षमता को निखारना और तार्किक कौशल का विकास करना था।
प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘प्राकृतिक आपदाएँ, जिम्मेदार कौन?’ रखा गया था। इस ज्वलंत विषय पर छात्र-छात्राओं ने मानवीय हस्तक्षेप, पर्यावरण असंतुलन और प्रशासनिक भूमिका से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार तार्किक ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने प्रभावशाली भाषा शैली, स्पष्ट उच्चारण और आत्मविश्वास से परिपूर्ण वक्तव्य से निर्णायक मंडल एवं उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने विद्यार्थियों के उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, “हिंदी केवल हमारी मातृभाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक अस्मिता और अभिव्यक्ति का सबसे सशक्त माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के भीतर छिपे आत्मविश्वास को बाहर लाती हैं और उन्हें अपने विचार निर्भीकता से रखने का मंच प्रदान करती हैं। यह देखकर गर्व होता है कि नई पीढ़ी अपनी भाषा को इतने सम्मान और दक्षता के साथ अपना रही है।”
प्रतियोगिता के अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान विद्यालय का समस्त शिक्षक वर्ग और विद्यार्थी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat