Breaking News

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ एएसपी सिटी ने की बैठक

Spread the love

बदायूं। पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने जनपद के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ बैठक की। बैठक में सोशल मीडिया के जिम्मेदार और सकारात्मक उपयोग के साथ साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात जागरूकता और सामाजिक सद्भाव जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनजागरूकता और जनहितकारी संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच को देखते हुए उनसे जिम्मेदारी के साथ सकारात्मक सामग्री प्रसारित करने की अपील की गई।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से कानून एवं यातायात नियमों के पालन, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, सड़क सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सकता है। साइबर ठगी से बचाव के लिए फर्जी लिंक, ओटीपी, बैंकिंग संबंधी जानकारी और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से सावधान रहने का संदेश लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सोशल मीडिया पर किसी भी सूचना को प्रसारित करने से पहले उसके तथ्यों की पुष्टि करने की अपील की गई। अपुष्ट या भ्रामक जानकारी, संवेदनशील घटनाओं में पीड़ित की पहचान व निजी जानकारी तथा ऐसी सामग्री से बचने को कहा गया, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच संवाद एवं सहयोग को मजबूत करने में सोशल मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात, साइबर सुरक्षा और अन्य जनजागरूकता अभियानों को अपने प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।

बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि अपराध, साइबर फ्रॉड, महिला एवं बाल सुरक्षा अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित विश्वसनीय जानकारी सामने आने पर उसे उचित माध्यम से पुलिस के संज्ञान में लाया जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई समय से की जा सके।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

श्रीमती सरोज ने लिया देहदान का संकल्प

Spread the loveबदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं के एनाटमी विभाग में 9 सितंबर 2026 को …