जरीफनगर। थाना जरीफनगर क्षेत्र में गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन से संबंधित जानकारी देने और रुपये लेने के मामले में पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटर समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में थाना जरीफनगर पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर जावेद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ग्राम रामपुर टप्पा वैश्य निवासी हरीश बाबू उर्फ हीरा सिंह ने अपना फोन गुम होने की शिकायत ग्राम पड़रिया स्थित सीएससी सेंटर से दर्ज कराई थी। आरोप है कि सीएससी सेंटर संचालक प्रेमपाल उर्फ बन्टी और उसके साथी रंजीत ने फोन मिलने की जानकारी देकर रुपये की मांग की। 4 सितंबर को दोनों द्वारा आवेदक से 4,000 रुपये लिए जाने की बात सामने आई है।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि गुम या चोरी हुए फोन से संबंधित संक्षिप्त जानकारी थाना जरीफनगर में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर जावेद द्वारा प्रेमपाल और रंजीत को दी जाती थी। इसके बाद दोनों द्वारा संबंधित लोगों से संपर्क कर रुपये की मांग किए जाने की बात सामने आई।
पुलिस ने मामले में 13 सितंबर को थाना जरीफनगर में मुकदमा अपराध संख्या 258/2026 विभिन्न धाराओं में कंप्यूटर ऑपरेटर जावेद समेत तीन लोगों के खिलाफ दर्ज किया है। मामले की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
Budaun Amarprabhat